काशीपुर। कुमाऊं रेंज की एसओटीएफ टीम ने नशे की दवाओं के खिलाफ अभियान के तहत आर्यनगर रोड स्थित माता गर्जिया मेडिकल स्टोर पर छापा मारा। कार्रवाई में टीम ने भारी मात्रा में प्रतिबंधित नशीली दवाएं जब्त कीं और स्टोर के मालिक सौरभ सारस्वत के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।

आईजी कुमाऊं मंडल और स्वास्थ्य सचिव उत्तराखंड के आदेश पर चलाए गए अभियान में बनभूलपुरा और किच्छा के बाद काशीपुर का यह मेडिकल स्टोर निशाने पर आया। निरीक्षण के दौरान टीम ने ट्रामाडोल के 646 कैप्सूल और अल्प्राजोलम के 953 कैप्सूल, कुल 1955 कैप्सूल बरामद किए। मालिक कोई वैध बिल या अभिलेख पेश नहीं कर सके।
एसओटीएफ और औषधि नियंत्रक विभाग की टीम ने आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। वरिष्ठ औषधि निरीक्षक नीरज कुमार ने बताया कि विभाग की ओर से भी आवश्यक विधिक प्रक्रिया जारी है।
टीम में औषधि निरीक्षक निधि शर्मा, एसओटीएफ टीम प्रभारी दीपा अधिकारी, और एसआई गणेश पांडे पुलिस बल के साथ मौजूद थे।
