नैनीताल। जिले में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें डंपर की टक्कर से फायर सर्विस कर्मी डूंगर सिंह उर्फ गोधन (56) की जान चली गई। उनकी मौत से परिवार और गांव में गहरा शोक छा गया है।

जानकारी के मुताबिक, बेतालघाट के तिवारी गांव निवासी डूंगर सिंह सुबह करीब 7:30 बजे बाइक से काशीपुर से पंतनगर की ओर जा रहे थे। रास्ते में बाजपुर के पास गलत दिशा से आ रहे डंपर ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि गंभीर रूप से घायल डूंगर सिंह को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। इस हादसे से उनके तीन बच्चों के सिर से पिता का साया उठ गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
