बिहार की राजनीति में सनातनी आंदोलन ने दस्तक दे दी है। आरा में आयोजित प्रेसवार्ता में जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद सरस्वती जी महाराज ने ऐलान किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में बिहार की सभी सीटों पर निर्दलीय गौ भक्त उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे।

सनातन धर्म और गौ माता का संरक्षण
शंकराचार्य जी ने कहा कि सनातन धर्म की रक्षा तभी संभव है जब हम गौ माता की सुरक्षा सुनिश्चित करें। उन्होंने गौ भक्त उम्मीदवारों का प्रचार करने की घोषणा की और सनातनी हिंदुओं से अपील की कि वे केवल उन्हीं प्रत्याशियों को वोट दें जो गौ माता की रक्षा के प्रति प्रतिबद्ध हों।
गौ माता को राष्ट्र माता बनाने की पहल
उन्होंने बताया कि गौ माता की सुरक्षा केवल आस्था का विषय नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति और समाज की नींव है। शंकराचार्य जी ने कहा कि वे पहले राष्ट्रीय पार्टियों से इस मुद्दे पर समर्थन मांगने गए थे, लेकिन किसी ने स्पष्ट जवाब नहीं दिया। इसी वजह से उन्होंने बिहार में अपने उम्मीदवार उतारने का निर्णय लिया।
शंकराचार्य जी ने कहा कि सभी विधानसभा क्षेत्रों में उनके उम्मीदवार खड़े होंगे और नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद उनकी सूची जारी की जाएगी। इस कदम के साथ बिहार में सनातनी राजनीति की नई शुरुआत होगी और गौ माता के संरक्षण का मुद्दा चुनावी बहस का केंद्र बनेगा।