रांची में जन्माष्टमी के मौके पर रविवार रात अल्बर्ट एक्का चौक पर आयोजित कृष्ण जन्मोत्सव के बीच एक अजीबोगरीब मामला सामने आया। भीड़ में बुर्का पहनकर घूम रहे एक युवक पर वहां मौजूद एक महिला को शक हुआ। महिला ने उसे रोककर पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया।

पुलिस पूछताछ में उसकी पहचान किशोरगंज चुन्ना भट्ठा निवासी प्रमोद कुमार सोनू के रूप में हुई। आरोपी को जेल भेज दिया गया है और उसके मकसद की जांच जारी है।
यह घटना रात करीब 9 बजे की है। जन्माष्टमी के कार्यक्रम में भारी भीड़ उमड़ी थी। इसी दौरान महिला ने देखा कि बुर्का पहने शख्स भीड़ में धक्का-मुक्की कर रहा है। जब उसने उसके हाथ-पांव पर गौर किया तो संदेह और गहरा गया। पुलिस बुलाने पर हकीकत सामने आई कि बुर्के में छिपा व्यक्ति महिला नहीं बल्कि पुरुष है।
पुलिस सूत्रों का मानना है कि आरोपी का इरादा धार्मिक सौहार्द बिगाड़ने का हो सकता है। इस पहलू पर भी जांच की जा रही है कि क्या वह किसी बड़ी साजिश का हिस्सा था।
फिलहाल प्रमोद सोनू को जेल भेज दिया गया है और उसके संपर्कों की गहन पड़ताल हो रही है। इस घटना के बाद स्थानीय लोग चौकस हो गए हैं और महिला की सतर्कता की सराहना कर रहे हैं, जिसने समय रहते स्थिति को बिगड़ने से बचा लिया।
