लक्सर (हरिद्वार)। उत्तराखंड के हरिद्वार जिले से बड़ी और सनसनीखेज घटना सामने आई है। लक्सर ओवरब्रिज पर बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस की गाड़ी पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। इस हमले में पुलिस हिरासत में कोर्ट पेशी पर ले जाए जा रहे मोस्ट वांटेड अपराधी विनय त्यागी को गोली लगी है। वारदात को अंजाम देने के बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।

जानकारी के मुताबिक, पुलिस विनय त्यागी को रुड़की से लक्सर एसीजेएम कोर्ट में पेशी के लिए लेकर जा रही थी। इसी दौरान लक्सर ओवरब्रिज पर जाम की स्थिति का फायदा उठाकर बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस वाहन को निशाना बनाते हुए फायरिंग शुरू कर दी। इस गोलीबारी में विनय त्यागी को दो से तीन गोलियां लगने की सूचना है।
घटना के तुरंत बाद पुलिस ने घायल बदमाश को अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि विनय त्यागी के खिलाफ लूट, डकैती समेत 40 से अधिक संगीन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
घटना की सूचना मिलते ही एसपी देहात शेखर चंद सुयाल समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। इलाके में दहशत का माहौल है, जबकि पुलिस महकमे में भी हड़कंप मचा हुआ है।
एसपी देहात शेखर चंद सुयाल ने बताया कि आरोपियों को कोर्ट में पेशी पर ले जाया जा रहा था। रास्ते में जाम लगा हुआ था, उसी दौरान अज्ञात बदमाशों ने पुलिस वाहन पर फायरिंग की। इस हमले में पेशी पर ले जाए जा रहे आरोपी विनय त्यागी को गोली लगी है, जिसे हायर सेंटर रेफर किया गया है।
पुलिस ने पूरे इलाके में नाकेबंदी कर दी है और चेकिंग अभियान तेज कर दिया गया है। एसपी देहात के अनुसार, हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित की गई हैं और जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
जब एसपी देहात से पूछा गया कि क्या घायल बदमाश का संबंध सुनील राठी गैंग से है, तो उन्होंने इस पर किसी भी तरह की टिप्पणी करने से इंकार कर दिया।
