डोईवाला (देहरादून)। देहरादून जिले के डोईवाला क्षेत्र में लालतप्पड़ के समीप उस समय सनसनी फैल गई, जब एक चलती रोडवेज बस में अचानक आग लग गई। कुछ ही पलों में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी बस इसकी चपेट में आ गई। बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई, लेकिन समय रहते सभी सवारियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बस उत्तराखंड के लोहाघाट से देहरादून की ओर आ रही थी और उसमें चालक सहित करीब 15 यात्री सवार थे। आग लगते ही चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए बस को सड़क किनारे रोका और यात्रियों को तुरंत नीचे उतार दिया। घटना की सूचना स्थानीय लोगों ने दमकल विभाग को दी।
सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, हालांकि तब तक बस पूरी तरह जलकर खाक हो चुकी थी। पूर्व उप ग्राम प्रधान माजरी ग्रांट रामचंद्र ने बताया कि घटना सुबह करीब चार बजे की है। अचानक आग लगने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई, लेकिन सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकल आए।
गौरतलब है कि इससे पहले दिसंबर 2025 में देहरादून के पटेल नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित सेंट ज्यूड चौक पर भी एक निजी बस में आग लगने की घटना सामने आई थी। उस दौरान बस में तमिलनाडु के करीब 40 छात्र सवार थे, जो ऑल इंडिया टूर पर थे। इंजन से धुआं उठते ही चालक ने बस को सड़क किनारे खड़ा कर दिया और सभी छात्रों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था।
