काशीपुर: कुमाऊं गढ़वाल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (KGCCI) की ओर से 4 लेबर कोड्स एवं POSH अधिनियम विषय पर एक दिवसीय सेमिनार का आयोजन किया गया। इसमें बदलते औद्योगिक माहौल के बीच श्रम कानूनों, कर्मचारी संबंधी प्रावधानों और वैधानिक अनुपालन से जुड़े महत्वपूर्ण पहलुओं पर उद्योग प्रतिनिधियों को जानकारी दी गई।

एक होटल में आयोजित कार्यक्रम में KGCCI अध्यक्ष विनीत कुमार संगल ने कहा कि मौजूदा औद्योगिक परिस्थितियों में श्रम कानूनों और वैधानिक प्रावधानों की सही जानकारी प्रत्येक उद्योग के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि नियमों की स्पष्ट समझ से संस्थानों में बेहतर अनुपालन सुनिश्चित करने में मदद मिलती है।
लेबर कोड्स के प्रमुख प्रावधानों पर हुई चर्चा
सेमिनार के मुख्य वक्ता ललित बब्बर, हेड-एचआर गवर्नेंस, एम्प्लॉयमेंट लॉ एंड कम्प्लायंस एडवाइजरी, NAKS एंड एसोसिएट्स, नई दिल्ली ने स्लाइड प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रतिभागियों को चारों लेबर कोड्स के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी।
उन्होंने कोड ऑन वेजेस-2019 के तहत वेजेस की एकीकृत परिभाषा, वेतन की गणना और इससे जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों को व्यावहारिक उदाहरणों के साथ समझाया। इसके बाद इंडस्ट्रियल रिलेशन कोड-2020 के तहत औद्योगिक संबंधों, कर्मचारी एवं श्रमिक की परिभाषा और संबंधित कानूनी प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की।
इसके अलावा POSH अधिनियम और कार्यस्थल पर लागू वैधानिक प्रावधानों के अनुपालन को लेकर भी प्रतिभागियों को जरूरी जानकारी दी गई।
उद्योग प्रतिनिधियों ने लिया हिस्सा
कार्यक्रम में KGCCI सिडकुल जोनल चेयरमैन अनूप कुमार सिंह, कोषाध्यक्ष अंकित बंसल, रमेश कुमार मिल्ला, अश्विनी छाबड़ा, संजीव तोमर, बीवी श्रीधर, नरेश घई, अतुल कुमार मिश्रा और ओमवीर चौहान समेत कई उद्योग प्रतिनिधि मौजूद रहे।
सेमिनार के दौरान प्रतिभागियों ने श्रम कानूनों, वैधानिक अनुपालन और कार्यस्थल से जुड़े नियमों पर विशेषज्ञ से जानकारी ली। साथ ही विभिन्न कानूनी प्रावधानों को लेकर सवाल-जवाब और चर्चा भी हुई।
