नानकमत्ता। अमेरिका के कैलिफोर्निया में एक दर्दनाक हादसे में नानकमत्ता के व्यापारी परिवार का इकलौता बेटा आग की चपेट में आकर जिंदगी गंवा बैठा। हादसे की सूचना मिलते ही घर में चीख-पुकार मच गई और पूरे नगर में शोक की लहर दौड़ गई।

गुरुद्वारा मार्ग, वार्ड नंबर तीन निवासी शंकर शर्मा का 36 वर्षीय पुत्र अनिल शर्मा दो साल पहले रोजगार के सिलसिले में अमेरिका गया था। वह कैलिफोर्निया के रेडवुड सिटी स्थित एक स्टोर पर कार्यरत था। सोमवार सुबह स्टोर में अचानक आग लगने से अनिल उसकी चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
परिचितों से फोन पर हादसे की सूचना मिलते ही परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। कुछ साल पहले अनिल के छोटे भाई की पानी में डूबकर मौत हो चुकी थी, वहीं छह महीने पूर्व उसकी मां का बीमारी के चलते निधन हुआ था।
अनिल की असमय मौत से पिता शंकर शर्मा, पत्नी गुरमीत शर्मा उर्फ अन्नु, बेटी अवनी और बेटे अनवीर का रो-रोकर बुरा हाल है। नगर पंचायत अध्यक्ष प्रेम सिंह टुरना, पूर्व विधायक डॉ. प्रेम सिंह राणा, सभासद गौरव वर्मा, नकुल भट्ट, विशाल गोयल, व्यापार मंडल अध्यक्ष दिनेश गोयल और गुरनाम सिंह सहित कई सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि घर पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया।
