रुद्रपुर। आदर्श कॉलोनी पुलिस चौकी की टीम ने नशा तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एक किलो 62 ग्राम अफीम के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी बाइक से अफीम की तस्करी कर रहा था।

पुलिस के मुताबिक, शनिवार को आदर्श कॉलोनी पुलिस चौकी के उपनिरीक्षक जीवन सिंह अपनी टीम के साथ बारादरी रोड पर चेकिंग अभियान चला रहे थे। इसी दौरान एंटी टास्क फोर्स में तैनात हेड कांस्टेबल भुवन पांडेय और कांस्टेबल विनोद खत्री भी मौके पर पहुंचे। शाम करीब 5:49 बजे एक बाइक सवार युवक पुलिस को देखकर भागने लगा, जिसे पीछा कर दबोच लिया गया।
आरोपी की पहचान विनीत आर्या (22 वर्ष), निवासी ग्राम अंजनी, थाना सिरोली, तहसील आंवला, जिला बरेली के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से एक पन्नी में रखी एक किलो 62 ग्राम अफीम बरामद की गई। पूरी कार्रवाई की मौके पर वीडियोग्राफी कराई गई। पुलिस ने कोतवाली में मुकदमा दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
नानकमत्ता में स्मैक तस्करी का खुलासा
नानकमत्ता। पुलिस ने स्मैक बेचने के आरोप में सास और बहू को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से कुल 17.20 ग्राम स्मैक बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, कल्याणपुर निवासी गुरमीत कौर उर्फ गीतों के पास से 10.12 ग्राम तथा किरनदीप कौर के पास से 7.08 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पूछताछ में गुरमीत कौर ने बताया कि किरनदीप कौर उसकी बहू है और उसका भतीजा स्मैक खरीदकर लाता था, जिसे पुड़ियों में बांटकर दोनों मिलकर नशेड़ियों को बेचती थीं।
पुलिस ने दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
