रुड़की/हरिद्वार: हरिद्वार जिले की रुड़की कोर्ट से फरार हुआ नीरज गोस्वामी आखिरकार पुलिस के कब्जे में आ गया। आरोपी को धारा 138 NI ACT के तहत कोर्ट ने सजा सुनाई थी, लेकिन सजा सुनाए जाने के कुछ ही देर बाद वह कोर्ट मोहर्रिर की निगरानी से फरार हो गया।

गंगनहर कोतवाली पुलिस ने महज 24 घंटे में आरोपी को पकड़ लिया। नीरज गोस्वामी, ग्राम रहमतपुर थाना पिरान कलियर का निवासी, कोर्ट परिसर से भाग गया था, जिससे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए हरिद्वार एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने विशेष पुलिस टीमों का गठन किया और लापरवाही बरतने वाली कोर्ट मोहर्रिर महिला कांस्टेबल को तत्काल निलंबित कर दिया।
पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और मुखबिर नेटवर्क की मदद से आरोपी का पता लगाया और उसे रुड़की रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार किया। एसएसपी प्रमेन्द्र डोबाल ने बताया कि आरोपी को पुनः न्यायालय में पेश किया जाएगा।
नीरज गोस्वामी के खिलाफ रुड़की कोर्ट में लंबे समय से मामला चल रहा था। 16 जनवरी को अदालत ने उसे एक साल के कारावास की सजा सुनाई, जिसके बाद पुलिस अभिरक्षा में उसे रखा गया। लेकिन कुछ ही समय में आरोपी फरार हो गया।
इस घटना ने कोर्ट की सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की निगरानी प्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि कोर्ट मोहर्रिर की लापरवाही के कारण आरोपी फरार हुआ, इसलिए उसे तुरंत निलंबित किया गया।