काशीपुर। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने मंगलवार को एसडीएम अभय प्रताप सिंह को ज्ञापन सौंपकर मोहल्ला अल्लीखां, बांसफोड़ान और थाना साबिक क्षेत्र में लागू धारा 163 हटाने की मांग की। उनका कहना है कि दीपावली जैसे त्योहारी सीजन में इस प्रतिबंध से लोगों और व्यापारियों को भारी असुविधा हो रही है।

महानगर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मुशर्रफ हुसैन के नेतृत्व में पहुंचे शिष्टमंडल ने बताया कि 21 सितंबर को हुई एक घटना के बाद प्रशासन ने उक्त क्षेत्रों में धारा 163 लागू की थी। इसके तहत शाम सात बजे से सुबह सात बजे तक सभी गतिविधियों पर रोक है, जिससे दुकानों को भी बंद कराना पड़ रहा है।
कांग्रेसी नेताओं ने कहा कि इस प्रतिबंध से आम लोगों को दवाइयों, दूध और आवश्यक वस्तुओं की सुविधा नहीं मिल पा रही है, जबकि व्यापारी आर्थिक नुकसान झेल रहे हैं। उन्होंने प्रशासन से जल्द ही धारा 163 हटाने की अपील की।
ज्ञापन सौंपने वालों में वरिष्ठ कांग्रेसी अनुपम शर्मा, अलका पाल, जितेंद्र सरस्वती, मंसूर अली मंसूरी, गौरव चौधरी, सारीम सैफी, पार्षद मोहम्मद आरिफ सैफी और भगवान सिंह शामिल थे।