शाहजहांपुर जिले के जलालाबाद का नाम बदलकर अब परशुरामपुरी कर दिया गया है। गृह मंत्रालय ने उत्तर प्रदेश सरकार के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस निर्णय के बाद नगर अब आधिकारिक रूप से परशुरामपुरी नाम से जाना जाएगा।

केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने इस कदम पर गृह मंत्री अमित शाह का आभार जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में लिया गया यह फैसला संपूर्ण सनातन समाज के लिए गर्व का क्षण है।

जलालाबाद को भगवान परशुराम की जन्मभूमि माना जाता है। यहां स्थित उनका प्राचीन मंदिर आस्था का केंद्र है। लंबे समय से नगर का नाम बदलने की मांग उठ रही थी। नगर पालिका परिषद ने 2018 और 2023 में इसके प्रस्ताव पारित किए थे, जिन्हें प्रदेश सरकार ने मंजूरी दी और अब केंद्र ने भी हरी झंडी दे दी।

2022 में इसे जन्मस्थली घोषित किया गया था। इसके बाद से यहां विकास कार्य तेजी से चल रहे हैं। लगभग 30 करोड़ रुपये की लागत से मंदिर प्रांगण के सुंदरीकरण, तालाब की सफाई, घाट और पाथवे निर्माण समेत कई परियोजनाएं जारी हैं।
