रुद्रपुर। पुष्कर सिंह धामी ने गांधी मैदान में आयोजित सरस आजीविका मेले के उद्घाटन अवसर पर अपने राजनीतिक जीवन के शुरुआती दिनों को याद किया। उन्होंने काशीपुर बाईपास पर लगने वाले ‘रस्तोगी राजमा चावल’ ठेले का जिक्र करते हुए बताया कि सीमित संसाधनों के दौर में वे वहीं भोजन किया करते थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि युवा मोर्चा की राजनीति के दौरान जब वे रुद्रपुर आते थे, तब बड़े होटलों में खाने की स्थिति नहीं होती थी। ऐसे में राजाराम रस्तोगी के ठेले पर मात्र 10 रुपये में मिलने वाली एक प्लेट राजमा चावल से ही भोजन हो जाता था। उन्होंने कहा कि संघर्ष के वे दिन आज भी उन्हें प्रेरित करते हैं।
कार्यक्रम के दौरान जब यह जानकारी मिली कि ठेले के संचालक राजाराम रस्तोगी समारोह में मौजूद हैं, तो मुख्यमंत्री ने उन्हें मंच पर आमंत्रित किया। सीएम धामी ने उनसे हाथ मिलाकर सम्मानित किया। इस दौरान राजाराम रस्तोगी भावुक हो उठे और मुख्यमंत्री को पुनः अपने ठेले पर आने का निमंत्रण दिया। मुख्यमंत्री ने जल्द ही आने का आश्वासन दिया।
राजाराम रस्तोगी ने बताया कि मुख्यमंत्री युवा राजनीति के समय से ही उनके ग्राहक रहे हैं। प्रदेश की कमान संभालने के बाद भी वे अचानक उनके ठेले पर पहुंचे थे, जो उनके लिए गर्व का क्षण था। मंच पर सम्मान मिलना उनके जीवन का यादगार पल है।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ लोग उनके रुद्रपुर से लगाव को देखते हुए यहां से चुनाव लड़ने की सलाह देते हैं, लेकिन वे प्रदेश की सभी 70 विधानसभा सीटों को अपना मानते हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी चुनाव में पिछली बार से अधिक सीटों पर जीत दर्ज होगी।