अल्मोड़ा। सोमेश्वर क्षेत्र में दिव्यांग व्यक्ति की हत्या के मामले में पुलिस ने फरार चल रहे मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर बड़ी कामयाबी हासिल की है। करीब एक माह तक अलग-अलग शहरों में छिपने के बाद आरोपी जैसे ही अल्मोड़ा लौटा, पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

पुलिस के मुताबिक 24 जनवरी 2026 को कोतवाली सोमेश्वर क्षेत्र के ग्राम रस्यारागांव में एक शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची टीम ने मृतक की पहचान कुंदन राम के रूप में की, जो दिव्यांग थे। 25 जनवरी को मृतक के भाई हरीश राम की तहरीर पर आरोपी दीपक पांडे के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता की धाराओं के साथ एससी/एसटी एक्ट के तहत भी कार्रवाई की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर अपर पुलिस अधीक्षक और सीओ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज खंगाले और सर्विलांस व तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की लोकेशन ट्रैक की।
जांच में सामने आया कि 18 जनवरी की शाम आरोपी और मृतक के बीच विवाद हुआ था। कहासुनी के दौरान आरोपी ने पत्थर से कुंदन राम के सिर पर वार कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए गाजियाबाद, गुरुग्राम, दिल्ली और वाराणसी में छिपता रहा।
लगभग एक महीने तक फरार रहने के बाद आर्थिक तंगी के चलते वह अल्मोड़ा में अपने परिचितों से मदद लेने पहुंचा। 15 फरवरी 2026 को पुलिस ने करबला तिराहा से उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के घर से घटना के समय पहने गए खून से सने कपड़े भी बरामद किए गए हैं।
गिरफ्तार आरोपी दीपक पांडे (34) पुत्र महेश पांडे, निवासी ग्राम रस्यारागांव है। पुलिस टीम को मामले के सफल खुलासे पर 1000 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। आरोपी को न्यायालय में पेश कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
