कोटद्वार: पौड़ी हाईवे पर सोमवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब सिद्धबली मंदिर और लालपुल के बीच अचानक हाथियों का झुंड सड़क पर पहुंच गया। हाईवे पर हाथियों को देखकर वाहन चालक और राहगीर घबरा गए। इस दौरान हाथियों ने कई वाहनों को नुकसान पहुंचाया, जबकि हाईवे पर दोनों ओर लंबा जाम लग गया।

जानकारी के मुताबिक, घटना सुबह करीब 7:45 बजे की है। हाथियों का झुंड अचानक सिद्धबली मंदिर रोड के पास हाईवे पर आ गया। हाथियों को देखते ही वाहन चालकों ने अपने वाहन रोक दिए। इस दौरान कुछ हाथी वाहनों के पीछे दौड़ते भी नजर आए। हाथियों के हमले में तीन वाहन क्षतिग्रस्त हो गए।
हाथियों की मौजूदगी के कारण हाईवे पर दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम का असर इतना रहा कि कोटद्वार से पर्वतीय क्षेत्रों के स्कूल-कॉलेजों में जाने वाले शिक्षक भी समय पर रवाना नहीं हो सके।
वन विभाग ने संभाला मोर्चा
हाथियों के हाईवे पर पहुंचने की सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वनकर्मियों ने लोगों को हाथियों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की हिदायत दी और उन्हें सड़क से हटाकर जंगल की ओर खदेड़ने का प्रयास शुरू किया।
काफी मशक्कत के बाद हाथियों को हाईवे से हटाकर जंगल की ओर भेजा गया। हालांकि, बताया जा रहा है कि हाथियों की गतिविधियां अभी भी घटनास्थल के आसपास बनी हुई हैं और उनके दोबारा हाईवे की ओर आने की आशंका को देखते हुए वन विभाग की टीम निगरानी कर रही है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
घटना के दौरान स्थानीय लोगों और वाहन चालकों ने हाथियों के हाईवे पर घूमने के वीडियो बनाए। ये वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। वीडियो में सड़क पर हाथियों का झुंड और दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें दिखाई दे रही हैं।
व्यस्त हाईवे पर हाथियों के पहुंचने से एक बार फिर मानव-वन्यजीव संघर्ष का खतरा सामने आया है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और हाथियों की आवाजाही वाले संवेदनशील मार्गों पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
