32 छात्राओं के यौन शोषण और धन गबन के आरोपी स्वयंभू स्वामी चैतन्यानंद को दिल्ली पुलिस ने रविवार तड़के आगरा से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस टीम ने उसे ताजगंज स्थित लो-बजट होटल द फर्स्ट के कमरे नंबर 101 से दबोचा, जहां वह स्वामी पार्थ सारथी के नाम से ठहरा हुआ था।

जानकारी के अनुसार, चैतन्यानंद शनिवार शाम होटल पहुंचा था और देर रात करीब 3.30 बजे पुलिस ने अचानक छापा मारकर उसे पकड़ लिया। होटल स्टाफ ने बताया कि उसके पास कोई मिलने नहीं आया था और सिर्फ रेस्टोरेंट से खाना मंगवाया गया था।
आरोप है कि चैतन्यानंद छात्राओं के बाथरूम में गुप्त कैमरे लगाकर उनकी निगरानी करता था और विदेश घुमाने का लालच देकर उन्हें बहकाता था। इस बीच, दिल्ली की एक अदालत ने वित्तीय गड़बड़ियों से जुड़े मामले में उसकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी। यह मामला श्रृंगेरी शारदा पीठम और उससे जुड़े शैक्षणिक संस्थान के धन के गबन से जुड़ा है। पुलिस का कहना है कि वह लगातार ठिकाने बदलकर गिरफ्तारी से बच रहा था, लेकिन आखिरकार आगरा से उसे पकड़ लिया गया।
