

जानकारी के अनुसार, कर्नाटक के पांच श्रद्धालु बृहस्पतिवार को हेलीकॉप्टर से बदरीनाथ पहुंचे थे। शुक्रवार को भगवान नारायण के दर्शन करने के बाद वे देश के प्रथम गांव माणा घूमने गए। वहां से लौटकर सभी अपने होटल पहुंचे। यात्रा पूरी होने की खुशी में उन्होंने होटल से निकलने से पहले वीडियो बनाया। इसमें पांचों श्रद्धालु नाचते-गाते और अपनी यात्रा का आनंद लेते दिखाई दे रहे हैं।
उड़ान के कुछ मिनट बाद हुआ हादसा
शुक्रवार दोपहर करीब 1:15 बजे हेलीकॉप्टर बदरीनाथ से देहरादून के लिए रवाना हुआ। लेकिन उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में हेलीकॉप्टर में सवार पांचों तीर्थयात्रियों के साथ पायलट की भी जान चली गई। कुछ मिनट पहले तक जिस वीडियो में यात्रा की खुशियां दिखाई दे रही थीं, वही अब परिवारों के लिए आखिरी याद बन गया है।
खराब मौसम के बीच उड़ान पर उठे सवाल
बताया जा रहा है कि शुक्रवार सुबह मौसम खराब होने के कारण कुछ समय के लिए हेली सेवाएं रोक दी गई थीं। मौसम में सुधार के बाद सेवाएं दोबारा शुरू की गईं। हालांकि, जिस समय हेलीकॉप्टर ने बदरीनाथ से उड़ान भरी, उस दौरान क्षेत्र में घना कोहरा छाया हुआ था और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी हो रही थी।
ऐसे में खराब मौसम के बीच हेलीकॉप्टर को उड़ान की अनुमति कैसे मिली, इस पर सवाल उठ रहे हैं। हादसे ने छह परिवारों को गहरा दुख दिया है। जिन तीर्थयात्रियों ने कुछ देर पहले ही अपनी यात्रा की खुशियां वीडियो में साझा की थीं, उनकी मौत की खबर से परिवारों में मातम छा गया।
