मॉस्को: रूस के बश्कोर्तोस्तान गणराज्य की राजधानी ऊफा में स्थित एक स्टेट मेडिकल यूनिवर्सिटी के हॉस्टल में शनिवार को चाकूबाजी की घटना से अफरा-तफरी मच गई। इस हमले में कम से कम छह लोग घायल हुए हैं, जिनमें चार भारतीय छात्र शामिल बताए जा रहे हैं। घटना के बाद मॉस्को स्थित भारतीय दूतावास और कजान स्थित वाणिज्य दूतावास सक्रिय हो गए हैं।

भारतीय दूतावास ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जारी बयान में कहा कि ऊफा में हुई इस दुर्भाग्यपूर्ण घटना में भारतीय छात्र भी घायल हुए हैं। दूतावास ने बताया कि कजान से वाणिज्य दूतावास के अधिकारी ऊफा के लिए रवाना हो चुके हैं और स्थानीय प्रशासन के संपर्क में रहकर घायल छात्रों को हरसंभव सहायता दी जा रही है।
प्रारंभिक रिपोर्ट के अनुसार, एक किशोर चाकू लेकर यूनिवर्सिटी हॉस्टल में घुस गया और वहां रह रहे छात्रों पर हमला कर दिया। रूस के गृह मंत्रालय ने बताया कि हमलावर ने कई छात्रों को निशाना बनाया, जिससे वे घायल हो गए। फिलहाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और घटना के पीछे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।
An unfortunate incident of attack has occurred in Ufa. Several persons including four Indian students have been injured. The Embassy is in touch with the authorities and the officials from the Consulate in Kazan are on their way to Ufa to provide assistance to the injured…
— India in Russia (@IndEmbMoscow) February 7, 2026
इस बीच केंद्र सरकार ने संसद को विदेशों में भारतीय छात्रों की सुरक्षा को लेकर विस्तृत जानकारी दी है। सरकार के अनुसार वर्ष 2018 से 2025 के बीच हिंसक घटनाओं में कनाडा में 17, अमेरिका में 9 और ऑस्ट्रेलिया में 3 भारतीय छात्रों की मौत दर्ज की गई है, जबकि अन्य देशों में भी ऐसे कुछ मामले सामने आए हैं।
सरकार ने स्पष्ट किया कि विदेशों में पढ़ रहे भारतीय छात्रों की सुरक्षा उसकी सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। किसी भी हिंसक या अप्रिय घटना की जानकारी मिलते ही भारतीय मिशन और पोस्ट मेजबान देशों के संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर त्वरित जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई सुनिश्चित करते हैं।
विदेश मंत्रालय ने यह भी बताया कि भारतीय मिशन और दूतावास अपने अधिकार क्षेत्र में पढ़ रहे छात्रों के साथ नियमित संपर्क बनाए रखते हैं। इसके अलावा विदेश पहुंचने पर प्री-ओरिएंटेशन सत्रों के माध्यम से छात्रों को संभावित जोखिमों, सुरक्षा उपायों और स्थानीय परिस्थितियों की जानकारी दी जाती है। समय-समय पर एडवाइजरी जारी कर छात्रों को सतर्क किया जाता है। यह जानकारी विदेश राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने एआईएमआईएम सांसद असदुद्दीन ओवैसी के एक अतारांकित प्रश्न के लिखित उत्तर में संसद को दी।
