हरिद्वार। ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में जादू से नोट छापने का लालच देकर 9 लाख 30 हजार रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

लाल मंदिर कॉलोनी निवासी संतरी देवी ने तहरीर में बताया कि वह मजदूरी और ठेली लगाकर परिवार का भरण-पोषण करती हैं। उनके पति राधेश्याम का दो वर्ष पूर्व निधन हो चुका है। महिला के अनुसार, मेरठ के अब्दुल्लापुर निवासी गुलाम का घर आना-जाना था। 26 जनवरी को वह अपने साथियों बाबू और गगन के साथ उनके घर आया और खुद को जादू का खेल दिखाने वाला बताया।
आरोपियों ने दावा किया कि उनके पास नोट छापने की मशीन और कच्चा माल है, जिससे भारी मुनाफा कमाया जा सकता है। भरोसा दिलाकर मशीन व सामग्री खरीदने के नाम पर रकम मांगी गई।
शिकायत के मुताबिक, 30 जनवरी की रात जटवाड़ा पुल के पास 4.30 लाख रुपये नकद दिए गए। 31 जनवरी को घर से 3 लाख रुपये और ले लिए गए। इसके अतिरिक्त 1.30 लाख रुपये से अधिक की राशि एक यूपीआई आईडी पर ट्रांसफर करवाई गई। महिला ने बताया कि उसने बच्चों के भविष्य की उम्मीद में जेवर बेचकर और रिश्तेदारों से उधार लेकर यह रकम जुटाई थी।
बाद में जब आरोपियों ने टालमटोल शुरू कर दी और फोन उठाना बंद कर दिया, तब ठगी का खुलासा हुआ। महिला के बेटों ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
ज्वालापुर कोतवाली प्रभारी कुंदन सिंह राणा ने बताया कि तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है। जांच जारी है और जल्द गिरफ्तारी की कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि नोट छापने या पैसे दोगुना करने जैसे झांसे में न आएं और किसी भी संदिग्ध प्रस्ताव की सूचना तुरंत पुलिस को दें।