बदरीनाथ: चारधाम यात्रा पर आने वाले लाखों श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों को जल्द ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिलने वाला है। बदरीनाथ मास्टर प्लान के तहत निर्माणाधीन 45 बेड के अत्याधुनिक अस्पताल का निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है। चार मंजिला इस अस्पताल में गंभीर मरीजों के इलाज से लेकर ऑपरेशन तक की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

अस्पताल को सब-जिला अस्पताल के रूप में विकसित किया जा रहा है। यहां एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड, आईसीयू, ऑपरेशन थिएटर समेत कई आधुनिक चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। अस्पताल के लिए जरूरी उपकरण पहुंच चुके हैं और उनके इंस्टॉलेशन का कार्य तेजी से किया जा रहा है।
31 अगस्त तक निर्माण पूरा करने का लक्ष्य
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने अस्पताल निर्माण कार्य का निरीक्षण करते हुए संबंधित कार्यदायी संस्था को 31 अगस्त तक भवन निर्माण हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए हैं। अस्पताल में मरीजों और तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए लिफ्ट की व्यवस्था भी की गई है।
अधिकारियों के अनुसार भवन निर्माण पूरा होने के बाद अस्पताल को जल्द संचालन के लिए तैयार कर लिया जाएगा, जिससे आगामी यात्रा सीजन में श्रद्धालुओं को इसका सीधा लाभ मिल सके।
संभावित पीएम दौरे के मद्देनजर तेज हुई तैयारियां
सूत्रों के मुताबिक अक्टूबर माह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बदरीनाथ धाम आगमन की संभावना को देखते हुए निर्माण और उपकरण स्थापना कार्य में तेजी लाई गई है। माना जा रहा है कि अस्पताल का लोकार्पण भी इसी दौरान किया जा सकता है।
हालांकि जिलाधिकारी गौरव कुमार ने स्पष्ट किया है कि प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक सूचना प्राप्त नहीं हुई है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राजीव पाल ने बताया कि अस्पताल भवन और आधुनिक मशीनों की स्थापना का कार्य तेजी से चल रहा है। उन्होंने कहा कि सभी व्यवस्थाएं पूरी होने के बाद अस्पताल का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।
चारधाम यात्रियों के लिए बनेगा राहत केंद्र
हर वर्ष चारधाम यात्रा के दौरान लाखों श्रद्धालु बदरीनाथ धाम पहुंचते हैं। समुद्र तल से अधिक ऊंचाई पर स्थित होने के कारण यहां ऑक्सीजन की कमी, सांस लेने में परेशानी और अन्य स्वास्थ्य संबंधी समस्याएं आम हैं।
अब तक गंभीर मरीजों को उपचार के लिए जोशीमठ, श्रीनगर या अन्य निचले क्षेत्रों के अस्पतालों में भेजना पड़ता था। लेकिन अस्पताल शुरू होने के बाद तीर्थयात्रियों को बदरीनाथ धाम में ही त्वरित और बेहतर उपचार उपलब्ध हो सकेगा।
स्वास्थ्य सेवाओं को मिलेगी नई मजबूती
बदरीनाथ मास्टर प्लान के तहत तैयार हो रहा यह अस्पताल धाम की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई दिशा देगा। अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस यह अस्पताल न केवल तीर्थयात्रियों के लिए जीवनरक्षक साबित होगा, बल्कि स्थानीय निवासियों को भी बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराएगा। प्रशासन का मानना है कि यह परियोजना चारधाम यात्रा को और अधिक सुरक्षित एवं सुविधाजनक बनाने में अहम भूमिका निभाएगी।
