पिथौरागढ़: सीमांत जनपद के घाट क्षेत्र में रविवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में बारात से लौट रहे पति-पत्नी की जान चली गई। टनकपुर–तवाघाट राष्ट्रीय राजमार्ग पर मटेला बैंड से लगभग एक किलोमीटर आगे शहीद द्वार के पास कार संख्या UK 06 AZ 8788 अनियंत्रित होकर करीब 200 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।

दुर्घटना में बजेटी निवासी 38 वर्षीय योगेश कुमार और उनकी 26 वर्षीय पत्नी निधि आर्या की घटनास्थल पर ही मृत्यु हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा इतना भीषण था कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और शवों को बाहर निकालने में काफी समय लगा।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और राज्य आपदा प्रतिवादन बल (SDRF) की टीम मौके पर पहुंची। गहरी खाई, अंधेरा और दुर्गम भूभाग के कारण राहत एवं बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण रहा। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों शवों को खाई से निकालकर पुलिस के सुपुर्द किया गया। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार योगेश कुमार लोक निर्माण विभाग (PWD) टकाना, पिथौरागढ़ में लिपिक पद पर कार्यरत थे, जबकि उनकी पत्नी निधि आर्या रानीखेत में सरकारी सेवा में तैनात थीं। दोनों गंगोलीहाट क्षेत्र में रिश्तेदारी की बारात में शामिल होकर लोहाघाट से पिथौरागढ़ लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया।