ऊधम सिंह नगर के गांव लखनपुर में खेत की जुताई करते समय एक दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रैक्टर अचानक पलटने से 42 वर्षीय किसान जसविंदर सिंह उसके नीचे दब गए। हादसे में उनकी मौके पर ही मौत हो गई।


जानकारी के अनुसार, गांव लखनपुर निवासी जसविंदर सिंह सोमवार देर शाम अपने ट्रैक्टर से खेत की जुताई करने गए थे। इसी दौरान अचानक ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर पलट गया और वह उसके नीचे दब गए। रातभर किसी को हादसे की जानकारी नहीं हो सकी।
मंगलवार सुबह करीब पांच बजे ग्रामीणों ने खेत में ट्रैक्टर को पलटा हुआ देखा। पास जाकर जांच करने पर जसविंदर सिंह उसके नीचे दबे मिले। ग्रामीणों ने आनन-फानन में उन्हें बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
