

मृतका की पहचान देवकी राणा पत्नी जवाहर सिंह राणा के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि देवकी राणा अन्य ग्रामीणों के साथ सेनापानी के जंगल में गई थीं। इसी दौरान अचानक सामने आए हाथी ने उन्हें जमीन पर पटक दिया और कुचल दिया। घटना के बाद जंगल में मौजूद लोगों के बीच अफरातफरी मच गई।
घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के पुत्र ने वन विभाग की चौकी को सूचना दी। इसके बाद शारदा रेंज और हल्द्वानी वन प्रभाग की टीम मौके पर पहुंची। सूचना पर बनबसा थाने की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। वन विभाग और पुलिस की टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
किलपुरा रेंज के वन क्षेत्राधिकारी कैलाश गुणवंत ने बताया कि घटना जुबलीगंज बीट के कंपार्टमेंट नंबर दो, सेनापानी स्थित शारदा रेंज की है। मृतका खटीमा के श्रीपुर बिचवा गांव की रहने वाली थीं। पुलिस और वन विभाग की टीम ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
