

गंगोत्री मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की मौजूदगी के बीच बर्फबारी हुई। बर्फ की सफेद परत से पहाड़ों की सुंदरता और बढ़ गई। वहीं, बदरीनाथ और केदारनाथ धाम में बर्फबारी के बाद मनमोहक दृश्य देखने को मिले। बाबा केदार की नगरी बर्फ से ढकी नजर आई।
धामों में पहुंचे श्रद्धालु बर्फबारी के नजारों को देखकर उत्साहित दिखाई दिए। कई लोग इन खूबसूरत पलों को कैमरे में कैद करते नजर आए, जबकि कुछ श्रद्धालुओं ने बर्फ से ढके धाम के साथ सेल्फी ली। हालांकि, बर्फबारी के चलते धामों में ठंड भी बढ़ गई है।
मसूरी में बारिश से कम हुई पर्यटकों की चहल-पहल
पहाड़ों की रानी मसूरी में बृहस्पतिवार सुबह से बारिश हो रही है। लगातार बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई है और ठंड का असर बढ़ गया है। इसका प्रभाव शहर की सड़कों पर लोगों की आवाजाही और पर्यटन गतिविधियों पर भी देखने को मिल रहा है।
आमतौर पर पर्यटकों की भीड़ से गुलजार रहने वाली मसूरी में खराब मौसम के कारण चहल-पहल कम नजर आई। ठंड और बारिश के चलते स्थानीय लोगों के साथ पर्यटक भी बाहर निकलने से बचते दिखे। शहर घूमने पहुंचे पर्यटक मौसम खुलने का इंतजार कर रहे हैं।
देहरादून में भी सुबह से बारिश का दौर जारी है। बारिश के कारण शहर में मौसम ठंडा हो गया है। पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी और अन्य इलाकों में वर्षा से प्रदेश में ठंड का असर बढ़ने लगा है।
नौ जिलों में बारिश, ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना
मौसम विज्ञान केंद्र ने बृहस्पतिवार को प्रदेश के नौ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। इनमें देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली, चंपावत और पिथौरागढ़ शामिल हैं। इन जिलों में कुछ स्थानों पर बारिश हो सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, 3500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने की संभावना है। इसके साथ ही 10 जिलों में गरज-चमक, आकाशीय बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की गई है।
मौसम में आए इस बदलाव से पहाड़ी इलाकों में ठंड बढ़ गई है। बर्फबारी जहां वादियों को खूबसूरत बना रही है, वहीं बारिश के कारण मसूरी और देहरादून में लोगों को ठंड का सामना करना पड़ रहा है।
