

मौसम विभाग के अनुसार, देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली, चंपावत और पिथौरागढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम वर्षा होने की संभावना है। प्रदेश के अन्य जिलों में भी कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश या बर्फबारी हो सकती है।
इन 10 जिलों में बिजली गिरने की आशंका
मौसम विज्ञान केंद्र ने देहरादून, टिहरी, हरिद्वार, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने की आशंका जताई है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। कुछ स्थानों पर हवा की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने का अनुमान है।
देहरादून में हल्की बारिश के आसार
राजधानी देहरादून में आसमान आंशिक रूप से बादलों से घिरा रह सकता है। शहर में बहुत हल्की से हल्की बारिश के साथ गरज-चमक और तेज हवाओं के एक-दो दौर आने की संभावना है। यहां अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है।
देहरादून में सामान्य से तीन डिग्री अधिक रहा तापमान
पिछले 24 घंटों के दौरान देहरादून में अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से तीन डिग्री अधिक था। न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं, पंतनगर, मुक्तेश्वर और नई टिहरी में भी अधिकतम तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया। इस दौरान इन स्थानों पर कोई महत्वपूर्ण वर्षा नहीं हुई।
मौसम विभाग की चेतावनी को देखते हुए लोगों को गरज-चमक, आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी जाती है।
