हरिद्वार के बहादराबाद क्षेत्र में रोडवेज बस की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत के मामले में पुलिस ने बस चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। हादसे में महिला का पति भी गंभीर रूप से घायल हुआ था, जिसका अस्पताल में उपचार चल रहा है। पुलिस ने शिकायत के आधार ..

पुलिस के अनुसार, भगवानपुर थाना क्षेत्र के हल्लूमाजरा गांव निवासी तेल्लूराम ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि उनके छोटे भाई लक्ष्मीचंद 21 अक्तूबर को अपनी पत्नी रीता के साथ बाइक से हरिद्वार में गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। सुबह करीब 10:40 बजे जब वे बहादराबाद में पृथ्वीराज चौहान की मूर्ति के सामने पहुंचे, तभी पीछे से आ रही उत्तर प्रदेश रोडवेज के छुटमलपुर डिपो की बस ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
हादसे में पति-पत्नी गंभीर रूप से घायल
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बस चालक तेज गति और लापरवाही से वाहन चला रहा था। टक्कर लगने से बाइक सवार लक्ष्मीचंद और उनकी पत्नी रीता गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने दोनों को तत्काल भूमानंद अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया।
रीता की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बेहतर उपचार के लिए एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया। हालांकि, एम्स पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं, लक्ष्मीचंद को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कर लिया गया। हादसे में महिला की मौत के बाद परिवार में शोक का माहौल है।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, जांच जारी
घटना के संबंध में शिकायत मिलने के बाद बहादराबाद कोतवाली पुलिस ने रोडवेज बस चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। पुलिस दुर्घटना के कारणों और शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच कर रही है।
एसपी सिटी दीपक सिंह ने बताया कि मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
