दीपावली के त्योहार को लेकर शहर में फूलों का कारोबार तेज होने लगा है। घरों और प्रतिष्ठानों को सजाने के लिए फूल कारोबारियों ने बुकिंग शुरू कर दी है। इस बार सजावट के लिए दिल्ली, कोलकाता और बरेली से अलग-अलग किस्मों के फूल मंगाए जा रहे हैं। धनतेरस से दीपावली तक दुकानों, घरों और अन्य प्रतिष्ठानों को फूलों से सजाने की विशेष मांग रहती है।
फूल कारोबारियों के अनुसार, दीपावली पर प्रतिष्ठानों को आकर्षक ढंग से सजाने का चलन लगातार बना हुआ है। इसी को देखते हुए व्यापारी त्योहार से चार-पांच दिन पहले ही फूल मंगाकर उन्हें बर्फ की मदद से सुरक्षित रखने की व्यवस्था करते हैं, ताकि सजावट के समय फूल ताजे रहें।
कटोराताल रोड के फूल व्यापारी राजेश कुमार और गंगे बाबा रोड के फूल विक्रेता विकास पुष्कर ने बताया कि दीपावली पर गेंदा, गुलाब, जरबेरा और ऑर्किड की सबसे अधिक मांग रहती है। गुलाब और जरबेरा दिल्ली से, विशेष किस्म के गेंदे के फूल कोलकाता से और देसी फूल बरेली से मंगाए जा रहे हैं। वहीं, दीपावली पर पूजा के लिए कमल के फूल भी विशेष रूप से कोलकाता से मंगाए जाते हैं।
व्यापारियों के मुताबिक, धनतेरस से दीपावली तक दुकानों और शादियों में सजावट के लिए पहले से बुकिंग हो रही है। इस साल फूलों के दाम पिछले वर्ष के मुकाबले 15 से 20 प्रतिशत तक बढ़ने की संभावना है। इसके बावजूद ग्राहकों में त्योहार को लेकर उत्साह बना हुआ है।
फूल कारोबारियों ने बताया कि एक घर या प्रतिष्ठान की सजावट का खर्च करीब 2,500 रुपये से शुरू होता है। ग्राहकों की पसंद के अनुसार फूलों से सजावट की जाती है। इसके अलावा अशोक के पत्तों की लड़ियों और फूलों के गुलदस्तों की भी काफी मांग रहती है।

