किच्छा/पंतनगर। लालकुआं-बरेली रेलवे ट्रैक पर आनंदपुर मोड़ के पास शनिवार सुबह एक दर्दनाक हादसे में 18 वर्षीय युवक की जान चली गई। रेलवे ट्रैक के पास ट्रेन की चपेट में आने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर किच्छा पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

यात्री ट्रेन की चपेट में आया युवक
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब आठ बजे आनंदपुर मोड़ के पास एक युवक रेलवे ट्रैक पार कर रहा था। इसी दौरान लालकुआं से बरेली की ओर जा रही यात्री ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई की।
मृतक की पहचान गड़रियाबाग निवासी अमित कुमार (18), पुत्र स्वर्गीय लक्ष्मण सिंह के रूप में हुई।
जेसीबी ऑपरेटर के रूप में करता था काम
गड़रियाबाग के पूर्व प्रधान रूप सिंह ने बताया कि अमित जेसीबी मशीन पर ऑपरेटर के तौर पर काम करता था। वह रोजाना सुबह रेलवे ट्रैक के किनारे-किनारे शांतिपुरी की ओर अपनी ड्यूटी पर जाता था। शनिवार को भी वह काम पर जाने के लिए निकला था, लेकिन रास्ते में हादसे का शिकार हो गया।
अमित की मौत से परिवार में शोक
अमित के परिवार पर पहले से ही दुखों का पहाड़ टूटा हुआ था। उसके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका था। परिवार में उसकी दो बहनें हैं, जिनका विवाह हो चुका है, जबकि उसका एक भाई भी है।
