रुद्रपुर: धान के सीजन के बीच मंगलवार सुबह रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप कोतवाली क्षेत्र में भीषण सड़क हादसा हो गया। तीन पानी डैम के पास हुंडई नेक्सा शोरूम के सामने पीछे से आ रही धान से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 45 वर्षीय रामकिशोर गंगवार सड़क पर गिर गए और ट्रैक्टर-ट्रॉली उनके ऊपर से गुजर गई। गंभीर रूप से घायल रामकिशोर को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पीछे से आई ट्रैक्टर-ट्रॉली ने मारी जोरदार टक्कर
जानकारी के मुताबिक, दूधिया नगर वार्ड नंबर 13, गली नंबर तीन निवासी रामकिशोर गंगवार पुत्र डालचंद गंगवार मंगलवार सुबह करीब 10:15 बजे बाइक से जा रहे थे। तीन पानी डैम के पास हुंडई नेक्सा शोरूम के सामने पीछे से आई धान से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर लगते ही रामकिशोर बाइक से सड़क पर जा गिरे। इसी दौरान ट्रैक्टर-ट्रॉली उनके ऊपर से गुजर गई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के लोग घटनास्थल पर जुट गए।
अस्पताल में डॉक्टरों ने मृत घोषित किया
स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल रामकिशोर को तत्काल मेडिसिटी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को सरकारी अस्पताल लाया गया, जहां पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
15-20 वर्षों से मुंशी का काम कर रहे थे रामकिशोर
रामकिशोर गंगवार पिछले करीब 15 से 20 वर्षों से भगवती एंटरप्राइजेज में मुंशी के रूप में कार्यरत थे। वह मूल रूप से मिलक, रामपुर के रहने वाले थे और लंबे समय से रुद्रपुर में रह रहे थे।
गल्ला मंडी आढ़ती एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश गिग्गा ने हादसे की जानकारी दी। रामकिशोर की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
भाई ने ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक पर कार्रवाई की मांग की
मृतक के भाई ने ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि हादसे में चालक की लापरवाही की जांच कर उचित कार्रवाई की जानी चाहिए। वहीं, पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसे के कारणों और ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक की भूमिका की जांच कर रही है।
