रुद्रपुर: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार दोपहर रुद्रपुर पहुंचे। उन्होंने किच्छा बाईपास स्थित राधा स्वामी सत्संग भवन में आयोजित सत्संग में हिस्सा लिया और प्रदेश की सुख-शांति, समृद्धि एवं खुशहाली की कामना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सत्संग में मौजूद संगत को संबोधित भी किया।

मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर डीपीएस रुद्रपुर के हेलीपैड पर उतरा। यहां विधायक शिव अरोरा, मेयर विकास शर्मा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, एसएसपी अजय गणपति समेत भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
इसके बाद मुख्यमंत्री सीधे किच्छा बाईपास स्थित राधा स्वामी सत्संग भवन पहुंचे। यहां डेरा प्रमुख ने उनका स्वागत किया। सत्संग के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि राधा स्वामी मत मानवता की सेवा, प्रेम और सच्चाई के रास्ते पर चलने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि ऐसे आध्यात्मिक आयोजनों से समाज में सकारात्मक सोच और ऊर्जा का संचार होता है।
मुख्यमंत्री ने सत्संग के दौरान प्रदेश की उन्नति और सभी लोगों के सुख-समृद्धि की कामना की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे।
जनप्रतिनिधियों के साथ विकास कार्यों पर मंथन
सत्संग कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बंद कमरे में बैठक की। बैठक में रुद्रपुर क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों और विभिन्न योजनाओं की प्रगति को लेकर चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विकास परियोजनाओं में तेजी लाई जाए और सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे किए जाएं। उन्होंने क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं और विकास योजनाओं को लेकर भी अधिकारियों से जानकारी ली।
मुख्यमंत्री के दौरे को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे।
