काशीपुर: उत्तराखंड राज्य प्राथमिक शिक्षक संघ की सामान्य सभा के चुनाव को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। काशीपुर और जसपुर क्षेत्र में शुक्रवार, 22 अगस्त को दोपहर 1:30 बजे से निर्वाचन प्रक्रिया शुरू होगी। चुनाव को लेकर शिक्षकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।

यह चुनाव उत्तराखंड उच्च न्यायालय, नैनीताल के आदेश के क्रम में आयोजित कराया जा रहा है। उप निबंधक (फर्म्स, सोसाइटी एवं चिट्स), देहरादून द्वारा 14 अगस्त को जारी पत्र के निर्देशों के तहत निर्वाचन कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। इसी संबंध में 20 अगस्त को जिला तदर्थ समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें चुनाव की रूपरेखा और व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया गया।
प्रांतीय तदर्थ समिति के सदस्य देवेंद्र चौधरी की ओर से जारी पत्र में कहा गया है कि संघ के संविधान के नियम 8(1) के तहत चुनाव प्रक्रिया को पारदर्शी, निष्पक्ष और सुचारु ढंग से संपन्न कराया जाएगा। इसके लिए सभी आवश्यक दिशा-निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
समिति ने क्षेत्र के सभी शिक्षकों से निर्वाचन प्रक्रिया में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की है। साथ ही सामान्य सभा में निर्वाचित होने के इच्छुक शिक्षकों से भी चुनाव में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया गया है।
शिक्षक संघ के इन चुनावों पर शिक्षा जगत की नजरें टिकी हुई हैं। चुनाव के माध्यम से चुने जाने वाले प्रतिनिधि भविष्य में शिक्षकों की समस्याओं, अधिकारों और विभिन्न मांगों को संगठन के मंच पर मजबूती से उठाने का कार्य करेंगे।
