रुद्रपुर: जिले में कानून व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने पुलिस विभाग में तबादले किए हैं। एसएसपी कार्यालय से जारी आदेश के तहत छह उप निरीक्षकों समेत सात पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारियों में बदलाव किया गया है। सभी को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती स्थल पर कार्यभार संभालने के निर्देश दिए गए हैं।

तबादला आदेश के मुताबिक उप निरीक्षक महेश कांडपाल को ट्रांजिट कैंप से कोतवाली रुद्रपुर भेजा गया है। उन्हें एसएसआई द्वितीय की जिम्मेदारी सौंपी गई है। वहीं उप निरीक्षक मुकेश मिश्रा का स्थानांतरण गदरपुर से ट्रांजिट कैंप किया गया है। उन्हें ट्रांजिट कैंप में वरिष्ठ उप निरीक्षक की जिम्मेदारी दी गई है।
उप निरीक्षक सुरेंद्र सिंह रिंगवाल को सितारगंज से गदरपुर भेजा गया है। वहीं खटीमा क्षेत्र में भी पुलिस अधिकारियों की तैनाती बदली गई है। उप निरीक्षक किशोर पंत को कोतवाली खटीमा से हटाकर मझोला चौकी प्रभारी बनाया गया है। मझोला चौकी के मौजूदा प्रभारी उप निरीक्षक राकेश राय को कोतवाली खटीमा भेजा गया है।

इसके अलावा महिला उप निरीक्षक संतोषी का थाना झनकईया से कोतवाली खटीमा तबादला किया गया है। वहीं कोतवाली रुद्रपुर में तैनात अपर उप निरीक्षक विनीता मेहर को महिला हेल्पलाइन रुद्रपुर से संबद्ध किया गया है।
एसएसपी ने सभी स्थानांतरित पुलिसकर्मियों को निर्देश दिए हैं कि वे बिना देरी किए नई तैनाती स्थल पर पहुंचकर अपनी आमद दर्ज कराएं।
पुलिस विभाग में हुए इस फेरबदल को जिले में पुलिसिंग व्यवस्था को मजबूत करने, अपराध नियंत्रण को प्रभावी बनाने और कानून व्यवस्था को बेहतर तरीके से संचालित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। नई जिम्मेदारियों के साथ संबंधित अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में पुलिस व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की चुनौती होगी।
