हल्द्वानी। नैनीताल जिले के हल्द्वानी में सड़क पर दबंगई और राहगीरों को डराने का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई की है। दो नहरिया रोड पर हुड़दंग करते नजर आए युवकों की पहचान कर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामले में दो नाबालिग भी सामने आए, जिन्हें पुलिस ने संरक्षण में लेकर काउंसलिंग के बाद उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

14 अगस्त की शाम का है वायरल वीडियो
वायरल वीडियो 14 अगस्त की शाम का बताया जा रहा है। इसमें दो मोटरसाइकिलों पर सवार कुछ युवक सड़क के बीच हुड़दंग करते दिखाई दे रहे हैं। आरोप है कि युवक हाथों में बेल्ट लहराकर सड़क से गुजर रहे लोगों को डराने की कोशिश कर रहे थे।
वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद नैनीताल के एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने तत्काल मामले का संज्ञान लिया और हल्द्वानी कोतवाली पुलिस को आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
CCTV फुटेज से खुला पूरा मामला
एसएसपी के निर्देश के बाद पुलिस टीम ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान के लिए अन्य माध्यमों से भी जानकारी जुटाई गई।
जांच के बाद पुलिस ने चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया। इसी दौरान दो नाबालिगों की भी पहचान हुई। पुलिस ने दोनों को संरक्षण में लिया और काउंसलिंग के बाद उनके परिजनों को सौंप दिया।
एक आरोपी नशे में मिला, दोनों बाइक सीज
पुलिस के अनुसार, आरोपियों में से एक युवक शराब के नशे में पाया गया। उसके खिलाफ शराब पीकर वाहन चलाने और हुड़दंग करने के मामले में नियमानुसार कार्रवाई की गई है। अन्य आरोपियों के खिलाफ भी आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस ने घटना में इस्तेमाल दोनों मोटरसाइकिलों को भी सीज कर दिया है। इनमें एक बिना नंबर प्लेट की सीडी डीलक्स/प्लेटिना बाइक थी, जिसके वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए। दूसरी बाइक रॉयल एनफील्ड थी, जिसका नंबर UK04AS-4102 बताया गया है।
सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का लिया जाएगा संज्ञान
नैनीताल पुलिस ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग, राहगीरों को डराने या कानून-व्यवस्था बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने कहा कि सोशल मीडिया पर वायरल होने वाले ऐसे वीडियो, जिनसे सार्वजनिक शांति या कानून-व्यवस्था प्रभावित होती है, उनका पुलिस तत्काल संज्ञान लेकर कार्रवाई करेगी।
