रुद्रपुर: काशीपुर फ्लाईओवर के पास स्कूटी सवार दो युवकों पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पहले उनकी स्कूटी को स्कॉर्पियो से टक्कर मारी गई और इसके बाद लोहे की रॉड से दोनों पर हमला किया गया। घटना के बाद वाल्मीकि समाज के लोगों ने रुद्रपुर कोतवाली पहुंचकर विरोध जताया और आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने भाजपा मंडल महामंत्री पारस चुघ, उनके भाई सन्नी चुघ समेत करीब 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।

टक्कर के बाद शुरू हुई मारपीट
शिकायत के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 10 बजे गांधी कॉलोनी निवासी 20 वर्षीय अभिषेक वाल्मीकि अपने दोस्त जतिन के साथ स्कूटी से काशीपुर फ्लाईओवर की तरफ जा रहा था। इसी दौरान एक स्कॉर्पियो ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों युवक सड़क पर गिर गए।
आरोप है कि इसके बाद स्कॉर्पियो में सवार सन्नी चुघ ने लोहे की रॉड निकालकर दोनों युवकों पर हमला किया। पीड़ित पक्ष के मुताबिक, कुछ समय बाद पारस चुघ अपने भाई सन्नी और अन्य लोगों के साथ मौके पर पहुंचे। आरोप है कि इसके बाद युवकों के साथ फिर मारपीट की गई।
जातिसूचक टिप्पणी का भी आरोप
मामले में पीड़ित पक्ष ने मारपीट के दौरान जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल का भी आरोप लगाया है। बताया गया कि आसपास के लोगों के मौके पर पहुंचने के बाद आरोपी वहां से चले गए।
हमले में दोनों युवक घायल हो गए। उन्हें इलाज के लिए निजी अस्पताल ले जाया गया। अभिषेक की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे आगे के उपचार के लिए बरेली रेफर किया गया है। वहीं जतिन का इलाज भी जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
कोतवाली में जुटे वाल्मीकि समाज के लोग
घटना की जानकारी मिलने के बाद शनिवार सुबह वाल्मीकि समाज के लोग रुद्रपुर कोतवाली पहुंचे। लोगों ने पुलिस के सामने नाराजगी जताते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी और मामले में कड़ी कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
पुलिस के मुताबिक, पारस चुघ और सन्नी चुघ समेत 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले में हत्या के प्रयास, जातिसूचक शब्दों के इस्तेमाल समेत अन्य धाराओं में कार्रवाई की गई है।
सीओ रुद्रपुर विभव सैनी के अनुसार, घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाली जा रही है। पुलिस वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।
पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
