खटीमा: उधम सिंह नगर के खटीमा रेलवे स्टेशन के वार्ड नंबर-6 के पास शनिवार देर रात दो लोगों के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। दोनों शव संदिग्ध परिस्थितियों में एक ही स्थान पर मिले। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।

मामले की जानकारी मिलते ही बाजार चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक जीवन सिंह चुफाल पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके की स्थिति का जायजा लेने के बाद घटनास्थल को सुरक्षित कराया। इसके बाद जनपदीय फील्ड यूनिट और एफएसएल टीम को मौके पर बुलाया गया।
एक मृतक खटीमा तो दूसरा मुरादाबाद का निवासी
पुलिस के मुताबिक, मृतकों में एक की पहचान राजेंद्र सिंह सामंत, पुत्र पद्म सिंह सामंत, निवासी वेस्ट व्यू होटल के सामने, खटीमा के रूप में हुई है। बताया गया है कि राजेंद्र सिंह परचून की दुकान चलाते थे।
दूसरे मृतक की पहचान विनोद, पुत्र शोभन सिंह, उम्र करीब 47 वर्ष, निवासी ग्राम नगला तहर, थाना डिलारी, जनपद मुरादाबाद के रूप में की गई है।
मौके पर पहुंची FSL और फील्ड यूनिट
दो शव मिलने की घटना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने घटनास्थल को सुरक्षित किया। एफएसएल और जनपदीय फील्ड यूनिट की टीमों ने मौके पर पहुंचकर बारीकी से निरीक्षण किया और आवश्यक साक्ष्य जुटाए।
पुलिस आसपास के क्षेत्र में पूछताछ कर यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दोनों व्यक्ति वहां कब और कैसे पहुंचे थे। घटना से पहले दोनों की गतिविधियों की भी जानकारी जुटाई जा रही है।
मौत की वजह पोस्टमॉर्टम के बाद होगी साफ
पुलिस के अनुसार, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि दोनों की मौत किन परिस्थितियों में हुई। किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
पुलिस ने मामले की जांच के लिए टीमें गठित की हैं और अलग-अलग पहलुओं से पड़ताल की जा रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर ही दोनों की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
फिलहाल एक ही स्थान पर दो शव मिलने की घटना से इलाके में चर्चाओं का बाजार गर्म है और पुलिस मामले की हर कड़ी को जोड़ने में जुटी है।
