दिनेशपुर: उधम सिंह नगर जिले के दिनेशपुर क्षेत्र में शनिवार सुबह एक खाली प्लॉट में युवक का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने नेताजीनगर गांव स्थित प्लॉट में शव पड़ा देखा और तत्काल पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान सपन राय (40), पुत्र गुरुपद राय, निवासी वार्ड नंबर-9, दिनेशपुर के रूप में हुई है।

मौके से बाइक भी मिली
पुलिस ने बताया कि शव के पास से मृतक की बाइक भी बरामद हुई है। वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की पड़ताल कर रही है।
परिजनों में मचा कोहराम
शव मिलने की सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर परिजन भी घटनास्थल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक और दहशत का माहौल है।
हर पहलू से जांच कर रही पुलिस
एसपी सिटी उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मौत के कारण स्पष्ट नहीं हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह सामने आएगी।
उन्होंने बताया कि पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। फिलहाल संदिग्ध परिस्थितियों में हुई इस मौत के कारणों का पता लगाने के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं।
