गाजियाबाद में संपत्ति विवाद ने ली पिता की जान, बेटे पर गोली मारकर हत्या का आरोप
गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के मोदीनगर क्षेत्र में संपत्ति विवाद ने एक परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। बुदाना गांव में एक बेटे पर अपने पिता की गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगा है। मृतक की पहचान हरिओम नेहरा के रूप में हुई है। घटना के बाद आरोपी बेटा मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

संपत्ति को लेकर हुआ विवाद, चलीं कई गोलियां
पुलिस के मुताबिक, बुधवार देर रात आरोपी निखिल नेहरा घर पहुंचा, जहां संपत्ति को अपने नाम कराने को लेकर पिता से कहासुनी हो गई। विवाद बढ़ने पर उसने कथित तौर पर पिता की लाइसेंसी पिस्टल से उन पर कई राउंड फायरिंग कर दी।
गोली लगने से हरिओम नेहरा गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।
पत्नी की शिकायत पर दर्ज हुआ हत्या का केस
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। मृतक की पत्नी मीनाक्षी की तहरीर के आधार पर आरोपी बेटे के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर तलाश कर रही है।
पहले भी छोटे भाई पर हमला करने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि निखिल का व्यवहार लंबे समय से हिंसक रहा है। उनका कहना है कि वर्ष 2018 में उसने अपने छोटे भाई नीशू नेहरा को भी गोली मारकर घायल कर दिया था। हालांकि उस समय परिवार की ओर से कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की गई थी।
150 करोड़ की पैतृक संपत्ति बना विवाद की वजह
परिवार के अनुसार, हरिओम नेहरा के पास लगभग 150 करोड़ रुपये मूल्य की पैतृक संपत्ति थी, जिसमें करीब 75 बीघा कृषि भूमि, छह दुकानें और अन्य अचल संपत्तियां शामिल थीं। परिवार में विवाद से बचने के लिए उन्होंने मौखिक रूप से संपत्ति का तीन हिस्सों में बंटवारा कर रखा था।
बताया जा रहा है कि निखिल को 25 बीघा जमीन और दो दुकानें देने की बात तय थी, लेकिन वह पूरी संपत्ति अपने नाम कराने की मांग कर रहा था। इसी मुद्दे को लेकर परिवार में लंबे समय से विवाद चल रहा था।
नई खरीदी जमीन को लेकर भी था मतभेद
जानकारी के अनुसार, हरिओम नेहरा ने हाल ही में बुदाना रोड पर करीब पांच बीघा जमीन खरीदी थी, जहां वह बैंक्वेट हॉल बनाना चाहते थे। वहीं, आरोपी उस जमीन पर कॉलोनी विकसित करने की योजना के पक्ष में था। इसी मुद्दे को लेकर भी दोनों के बीच लगातार मतभेद बने हुए थे।
फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
