नैनीताल: ईद के दौरान बढ़ती पर्यटकों की भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने सख्त ट्रैफिक प्लान लागू किया है। इसके तहत नैनीताल और कैंची धाम में अगले वीकेंड तक दोपहिया वाहनों के प्रवेश पर पूर्ण प्रतिबंध लगा दिया गया है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, आसपास के जिलों से बड़ी संख्या में पर्यटक बाइक के जरिए इन पर्यटन स्थलों और बाबा नीम करौली के दर्शन के लिए पहुंचते हैं, जिससे शहर में ट्रैफिक का दबाव काफी बढ़ जाता है।

शटल और पब्लिक ट्रांसपोर्ट से ही एंट्री
अब तक चारपहिया वाहनों को एंट्री प्वाइंट पर रोककर शटल सेवा के माध्यम से शहर में भेजा जाता था। लेकिन अब यही व्यवस्था दोपहिया वाहनों पर भी लागू कर दी गई है। बाहरी जिलों से आने वाले पर्यटकों को अपनी बाइक निर्धारित स्थानों पर पार्क करनी होगी और आगे की यात्रा शटल या सार्वजनिक परिवहन से करनी होगी।
इन क्षेत्रों से बढ़ता है ट्रैफिक दबाव
एसपी नैनीताल जगदीश चंद्र ने बताया कि रामपुर, मुरादाबाद और उधम सिंह नगर समेत कई इलाकों से बड़ी संख्या में बाइक सवार पर्यटक यहां पहुंचते हैं, जिससे ट्रैफिक मैनेजमेंट चुनौतीपूर्ण हो जाता है।
उन्होंने कहा कि बड़े वाहनों को तो पहले ही रोका जाता है, लेकिन दोपहिया वाहनों की आवाजाही के कारण अक्सर जाम की स्थिति बन जाती है। साथ ही, अव्यवस्थित तरीके से चलने वाले बाइक चालकों से सड़क हादसों का खतरा भी बढ़ जाता है।
यहां रोकी जाएंगी बाइक
जिले के बाहर से आने वाले दोपहिया वाहनों को काठगोदाम और कालाढूंगी में ही रोक दिया जाएगा। यहां से पर्यटक शटल सेवा या अन्य सार्वजनिक साधनों से अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
पार्किंग और सुरक्षा बनी वजह
पुलिस ने बताया कि नैनीताल और कैंची धाम क्षेत्र में दोपहिया वाहनों के लिए पर्याप्त पार्किंग व्यवस्था नहीं है। इसके चलते यह निर्णय लिया गया है, ताकि ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू बनी रहे और पर्यटकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
अधिकारियों ने साफ किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
