उधम सिंह नगर जिले के रुद्रपुर में ट्रांजिट कैंप थाना क्षेत्र से तीन स्कूली छात्राओं के लापता होने का मामला सामने आया है। स्कूल की छुट्टी के बाद तीनों बच्चियां घर नहीं पहुंचीं, जिससे परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत के अनुसार, राजा कॉलोनी निवासी एक व्यक्ति की 14 वर्षीय बेटी 22 मई की सुबह अपनी दो सहेलियों के साथ स्कूल गई थी। तीनों छात्राएं ट्रांजिट कैंप क्षेत्र के एक निजी स्कूल में कक्षा 8 की छात्राएं हैं। रोज की तरह सुबह करीब 11 बजे स्कूल की छुट्टी हुई, लेकिन इसके बाद तीनों छात्राएं रहस्यमय तरीके से लापता हो गईं और घर नहीं लौटीं।
जब काफी देर तक बच्चियां घर नहीं पहुंचीं तो परिजनों ने अपने स्तर पर उनकी तलाश शुरू की। रिश्तेदारों, परिचितों और आसपास के इलाकों में खोजबीन की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। इसके बाद परिजन ट्रांजिट कैंप थाने पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।
लापता छात्राओं की उम्र क्रमशः 14, 13 और 11 वर्ष बताई जा रही है। घटना के समय तीनों छात्राएं स्कूल यूनिफॉर्म—लाल और क्रीम रंग की चेक शर्ट तथा क्रीम पैंट—में थीं।
ट्रांजिट कैंप कोतवाली के उप निरीक्षक महेश कांडपाल ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संभावित स्थानों पर टीमें भेजकर तलाश अभियान चला रही है।
