रुद्रपुर। शहर के एक रिहायशी इलाके में तलवार लहराकर दहशत फैलाने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो के सामने आने के बाद एसएसपी अजय गणपति ने मामले का तत्काल संज्ञान लिया और कार्रवाई के निर्देश दिए।

निर्देशों के अनुपालन में कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार के तहत तेजी दिखाते हुए आरोपी पंकज कोली उर्फ ‘खरगोश’ को दबोच लिया। पुलिस जांच में सामने आया कि मामूली कहासुनी के बाद आरोपी ने तलवार लहराकर इलाके में भय का माहौल बना दिया था।
पुलिस ने मौके से घटना में प्रयुक्त तलवार भी बरामद कर ली है। साथ ही आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की भी पुष्टि हुई है, जिससे उसकी पूर्व गतिविधियों का खुलासा हुआ है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सार्वजनिक सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और ऐसे मामलों में जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई जा रही है।
