उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने क्षेत्र की बहुप्रतीक्षित मांग को पूरा करते हुए बैगुल नदी पर बनने वाले पुल के निर्माण कार्य की औपचारिक शुरुआत कर दी। निर्मल नगर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की उपस्थिति में 150 मीटर लंबे RCC पुल का शिलान्यास किया गया, जिसकी अनुमानित लागत ₹11.40 करोड़ है।

यह पुल राजनगर, निर्मल नगर और सिसौना के बीच सीधा संपर्क स्थापित करेगा, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। वर्षों से लंबित इस परियोजना के शुरू होने से क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल है।

मंत्री सौरभ बहुगुणा ने कहा कि यह पुल क्षेत्र के सामाजिक और आर्थिक विकास को गति देगा। इससे किसानों, श्रमिकों, व्यापारियों और युवाओं को सीधा लाभ मिलेगा तथा सिडकुल जैसे औद्योगिक क्षेत्रों तक पहुंच और अधिक सुगम होगी।

उन्होंने कहा कि सरकार जनता से किए गए वादों को पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है और विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग उपस्थित रहे और इस पहल का स्वागत करते हुए सरकार के प्रति आभार जताया।
