Haridwar में सोशल मीडिया पर डाली गई एक पोस्ट को लेकर कानूनी कार्रवाई शुरू हो गई है। सीनियर ड्रग इंस्पेक्टर अनीता भारती की तहरीर पर पुलिस ने यूथ कांग्रेस के जिलाध्यक्ष कैश खुराना के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच आरंभ कर दी है।

शिवालिक नगर स्थित ड्रग विभाग कार्यालय में तैनात अनीता भारती का आरोप है कि 26 फरवरी को कैश खुराना ने फेसबुक पर उनके खिलाफ पांच लाख रुपये की कथित रिश्वत लेने का आरोप लगाते हुए पोस्ट साझा की। पोस्ट के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर उन्हें टैग कर कई तरह की टिप्पणियां की गईं, जिससे उनकी आधिकारिक और सामाजिक छवि प्रभावित हुई। उन्होंने इसे प्रतिष्ठा धूमिल करने और भ्रामक जानकारी फैलाने की सुनियोजित कोशिश बताया है।
शिकायत में भारतीय न्याय संहिता और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की प्रासंगिक धाराओं में कार्रवाई की मांग की गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर साइबर सेल की मदद से पोस्ट की तकनीकी जांच शुरू कर दी है और साक्ष्य संकलन की प्रक्रिया जारी है।
दूसरी ओर, यूथ कांग्रेस जिलाध्यक्ष कैश खुराना ने आरोपों को पूरी तरह असत्य और निराधार बताया है। उनका कहना है कि उन्होंने किसी को व्यक्तिगत रूप से निशाना नहीं बनाया और मामला अब न्यायालय में स्पष्ट होगा, जहां वे अपना पक्ष रखेंगे।
इस संबंध में एसपी सिटी अभय प्रताप सिंह ने बताया कि प्राप्त शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर लिया गया है और जांच निष्पक्ष तरीके से की जा रही है।
