रुद्रपुर: उत्तराखंड के रुद्रपुर में बुधवार देर शाम प्लास्टिक कबाड़ से भरे एक गोदाम में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग हरकत में आया और करीब एक घंटे के रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। हादसे में एक फायरमैन घायल हो गया, हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई।

फायर विभाग को रात लगभग 8:02 बजे 112 के जरिए सूचना मिली कि शिमला बहादुर, फूलसूंगा क्षेत्र स्थित एक गोदाम में आग लगी है। अग्निशमन अधिकारी महेश चंद के नेतृत्व में रुद्रपुर फायर यूनिट तत्काल मौके पर पहुंची। वहां देखा गया कि प्लास्टिक कबाड़ में लगी आग तेजी से फैल रही थी और हालात गंभीर हो चुके थे।
आग की तीव्रता को देखते हुए मोटर फायर इंजन से पंपिंग कर दो डिलीवरी होज पाइपों के माध्यम से बुझाने का अभियान शुरू किया गया। स्थिति पर काबू पाने के लिए रुद्रपुर फायर स्टेशन से एक अतिरिक्त यूनिट और पंतनगर फायर स्टेशन से भी एक यूनिट को बुलाया गया। तीनों यूनिटों ने संयुक्त प्रयास कर लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग को शांत किया।

इस अग्निकांड में खलील पुत्र जलील का प्लास्टिक कबाड़ पूरी तरह जलकर नष्ट हो गया। राहत की बात यह रही कि घटना में किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
आग बुझाने के दौरान लीडिंग फायरमैन चंद्र प्रकाश के पैर में पिघला हुआ प्लास्टिक चिपक गया, जिससे वे झुलस गए। उन्हें तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। फायर विभाग के अनुसार, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है।
इसी बीच, राज्य की राजधानी देहरादून के लक्ष्मण चौक क्षेत्र में भी बीती रात एक फर्नीचर वर्कशॉप में आग लगने की घटना सामने आई, जहां दमकल और पुलिस की टीमों ने समय रहते आग पर काबू पाया।