नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में मंगलवार रात करीब 10:30 बजे कश्मीरी गेट आईएसबीटी के पास अज्ञात हमलावरों ने एक कार पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। हमले का निशाना बने अधिवक्ता दीपक खत्री, जिनका नाम गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की लीगल टीम से जुड़ा बताया जा रहा है। घटना में उनके साथ मौजूद संदीप के कंधे में गोली लगी है। उन्हें तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत खतरे से बाहर है।

जानकारी के अनुसार, दीपक खत्री चार साथियों के साथ हनुमान मंदिर से आईएसबीटी की ओर जा रहे थे। इसी दौरान स्कूटर सवार तीन बदमाशों ने उनकी कार को घेरकर फायरिंग कर दी और मौके से फरार हो गए।
मामले पर जानकारी देते हुए माधुर वर्मा (ज्वाइंट सीपी) ने बताया कि हमलावरों में से एक के पास हथियार था, जिसने कई राउंड फायर किए। पुलिस ने घायलों के बयान दर्ज करने शुरू कर दिए हैं।
#WATCH दिल्ली | जॉइंट CP मधुर वर्मा ने कहा, “दीपक खत्री एक वकील हैं। उनके साथ चार साथी थे। वे रात करीब 10:30 बजे कश्मीरी गेट इलाके में अपनी कार से ISBT जा रहे थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, स्कूटर पर सवार तीन अनजान हमलावरों ने, जिनमें से एक हथियारबंद था, गोलियां चलाईं। उनके एक… https://t.co/vZvy3sVbuD pic.twitter.com/ePHtB6Aq6K
— ANI_HindiNews (@AHindinews) February 24, 2026
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि दीपक खत्री को कथित रूप से शाहजाद भट्टी नाम के व्यक्ति से धमकी मिलने की बात कही गई है। हालांकि, पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है।
राजा बांठिया (डीसीपी) ने बताया कि आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और इलाके में सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस ने जल्द मामले के खुलासे का दावा किया है।
