बागेश्वर: बागेश्वर जिला के बैजनाथ थाना क्षेत्र से एक बेहद संवेदनशील और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां 22 दिन की नवजात बच्ची की मौत ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में खुलासा हुआ है कि बच्ची की मौत गला दबाने से हुई, जिसके बाद उसकी मां के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।

घटना जैसर गांव की बताई जा रही है। शुरुआत में बच्ची की मौत को सामान्य बताया जा रहा था, लेकिन परिजनों द्वारा कराए गए पोस्टमॉर्टम में सच्चाई सामने आ गई। रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया कि नवजात का गला दबाया गया था।
मृत बच्ची के दादा केशर सिंह ने थाना बैजनाथ में तहरीर देकर अपनी बहू पर हत्या का आरोप लगाया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और मामले की जांच शुरू कर दी है। बताया जा रहा है कि आरोपी महिला का पति विदेश में कार्यरत है और घटना के समय घर पर मौजूद नहीं था।
पुलिस उपाधीक्षक अजय साह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पारिवारिक विवाद समेत सभी संभावित पहलुओं की गहराई से जांच की जा रही है और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस हृदयविदारक घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है, वहीं गांव में भी लोग हैरानी और दुख व्यक्त कर रहे हैं।
गौरतलब है कि मार्च 2025 में हरिद्वार जिला में भी ऐसा ही एक मामला सामने आया था, जहां एक महिला ने अपनी दो बेटियों की हत्या कर दी थी। उस मामले में भी पुलिस जांच के बाद सच्चाई सामने आई और आरोपी को गिरफ्तार किया गया था।