देहरादून: राजधानी के थाना रायपुर क्षेत्र स्थित नेहरू ग्राम में एक मेहंदी समारोह के दौरान लापरवाही से हुई फायरिंग में एक युवती घायल हो गई। घटना सोमवार रात की है, जब एक मेहमान की लाइसेंसी पिस्टल से अचानक गोली चल गई। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर हथियार जब्त कर लिया है और लाइसेंस निरस्त करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

डांस के दौरान चला फायर, मची अफरा-तफरी
जानकारी के मुताबिक, नेहरू ग्राम निवासी कमल कुमार यादव के घर मेहंदी का कार्यक्रम चल रहा था। समारोह में धूलकोट निवासी लक्ष्मण सिंह नेगी भी शामिल था, जो अपनी लाइसेंसी पिस्टल लेकर आया था।
बताया जा रहा है कि कॉकटेल पार्टी के दौरान डांस करते समय अचानक पिस्टल से फायर हो गया। गोली कमल कुमार की साली नीलिमा यादव के पैर के अंगूठे के पास जा लगी। गोली की आवाज सुनते ही समारोह में हड़कंप मच गया।
अस्पताल में कराया गया भर्ती
परिजनों ने घायल युवती को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी और दुल्हन एक ही निजी अस्पताल में कार्यरत हैं, इसी परिचय के चलते वह समारोह में शामिल हुआ था।
लापरवाही से फायरिंग का मामला दर्ज
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि पिस्टल पहले से लोड थी और नाचते समय अनजाने में ट्रिगर दब गया, जिससे गोली चल गई। प्रथम दृष्टया मामला लापरवाही का माना जा रहा है।
थाना रायपुर प्रभारी गिरीश नेगी ने बताया कि शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ लापरवाही से फायरिंग और दूसरों की जान जोखिम में डालने के आरोप में मुकदमा दर्ज किया गया है। पिस्टल जब्त कर ली गई है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। साथ ही लाइसेंस निरस्तीकरण के लिए जिलाधिकारी को रिपोर्ट भेजी गई है।
