देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में आज सचिवालय में राज्य मंत्रिमंडल की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की जा रही है। 9 मार्च से शुरू होने वाले विधानसभा बजट सत्र से पहले यह बैठक कई अहम निर्णयों के लिए निर्णायक मानी जा रही है।

गैरसैंण में 9 मार्च से बजट सत्र
उत्तराखंड की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण के भराड़ीसैंण स्थित विधानसभा भवन में बजट सत्र आयोजित होना है। सत्र से पहले कैबिनेट विभिन्न विभागों के वार्षिक प्रतिवेदनों को मंजूरी दे सकती है, जिन्हें बाद में सदन के पटल पर रखा जाएगा। नियमों के तहत इन प्रतिवेदनों के लिए मंत्रिमंडल की पूर्व स्वीकृति आवश्यक होती है।
यूसीसी संशोधन विधेयक को मिल सकती है मंजूरी
बैठक में समान नागरिक संहिता (यूसीसी) संशोधन विधेयक को विधानसभा में पेश करने की अनुमति दी जा सकती है। प्रस्तावित संशोधन में कुछ अपराधों के लिए दंड की अवधि तय करने का प्रावधान शामिल बताया जा रहा है, जिस पर मंत्रिमंडल चर्चा कर अंतिम निर्णय ले सकता है।
38वें राष्ट्रीय खेलों के पदक विजेताओं को नौकरी पर फैसला
राज्य में आयोजित 38वें राष्ट्रीय खेल के 243 पदक विजेताओं को अब तक नियुक्ति नहीं मिल पाई है। ऐसे में कैबिनेट बैठक में खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न सरकारी नौकरी देने के प्रस्ताव पर मुहर लगने की संभावना जताई जा रही है।
बजट 2026-27 और अन्य प्रस्ताव
आगामी वित्तीय वर्ष 2026-27 के बजट के स्वरूप पर भी मंत्रिमंडल में मंथन हो सकता है। सरकार द्वारा विभिन्न वर्गों से प्राप्त सुझावों को बजट में शामिल करने को लेकर चर्चा होने की संभावना है।
इसके अलावा शिक्षा, स्वास्थ्य और ऊर्जा विभाग से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्ताव एजेंडे में शामिल हैं।
-
चारधाम यात्रा को देखते हुए तैनात किए जाने वाले डॉक्टरों के लिए अलग कैडर बनाने के प्रस्ताव पर विचार हो सकता है।
-
बॉन्डधारी डॉक्टरों के पीजी अध्ययन संबंधी नई नीति पर भी चर्चा संभव है।
-
पर्यटन विभाग की नियमावली में संशोधन कर निवेश और नए पर्यटन स्थलों के विकास को बढ़ावा देने के प्रस्ताव पर भी निर्णय लिया जा सकता है।
