उधम सिंह नगर के रुद्रपुर कोतवाली क्षेत्र में 22 फरवरी की रात एक महिला से कथित सामूहिक दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने तीन युवकों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

रास्ते में रोका, हथियार दिखाकर ले गए
तहरीर के अनुसार, महिला अपने देवर के साथ ‘सरस मेले’ से घर लौट रही थी। रात करीब 11 बजे एक मैदान के पास दो मोटरसाइकिलों पर सवार तीन युवकों ने उन्हें रोक लिया। आरोप है कि बातचीत के दौरान आरोपियों ने हथियार दिखाकर धमकाया और महिला को जबरन अपने साथ ले गए।
सुनसान जगह पर वारदात का आरोप
पीड़िता का कहना है कि उसे सुनसान स्थान पर ले जाकर बारी-बारी से दुष्कर्म किया गया। विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई, जिससे वह घायल हो गई। शिकायत में यह भी उल्लेख है कि आरोपियों ने घटना का वीडियो बनाया और पुलिस में शिकायत करने पर उसे वायरल करने की धमकी दी।
मेडिकल परीक्षण और फॉरेंसिक जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने सामूहिक दुष्कर्म समेत अन्य संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया है। पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है और फॉरेंसिक टीम को साक्ष्य जुटाने के निर्देश दिए गए हैं।
सीओ सिटी प्रशांत कुमार ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गई हैं और संभावित स्थानों पर दबिश दी जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले में दोषियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।
