नैनीताल जिले के चोरगलिया थाना क्षेत्र के गजेपुर गांव में सोमवार देर रात एक खनन कारोबारी ने कथित तौर पर अपनी लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मारकर जीवन समाप्त कर लिया। मृतक की पहचान कमलेश बेलवाल के रूप में हुई है। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।

घर में हुआ था विवाद
प्राथमिक जानकारी के अनुसार, कमलेश बेलवाल अपनी मां, पत्नी और बेटी के साथ रहते थे। देर रात पारिवारिक विवाद के बाद घर में तनाव की स्थिति बन गई थी। कुछ देर बाद परिजनों ने गोली चलने की आवाज सुनी। कमरे में पहुंचने पर वे गंभीर रूप से घायल अवस्था में मिले।
परिजन तत्काल उन्हें हल्द्वानी के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
लाइसेंसी पिस्टल बरामद
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल से लाइसेंसी पिस्टल कब्जे में ले ली। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
हर पहलू से जांच
एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक तनाव की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस सभी संभावित कारणों की जांच कर रही है।
