मेरठ के लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र के किदवई नगर में सोमवार रात हुए भीषण अग्निकांड ने पूरे शहर को झकझोर दिया। कपड़ा कारोबारी के तीन मंजिला मकान में अचानक लगी आग में 5 बच्चों और एक महिला की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से झुलसी हैं।

धुएं और लपटों से घिरा पूरा मकान
रात करीब 9:30 बजे घर से अचानक आग की तेज लपटें उठने लगीं। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और मकान धुएं से भर गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी।
संकरी गली के कारण छत से किया गया रेस्क्यू
मकान तक जाने वाली गली बेहद संकरी होने के कारण दमकल की गाड़ियां सीधे मौके तक नहीं पहुंच सकीं। ऐसे में फायर ब्रिगेड टीम पड़ोसी के मकान की छत के रास्ते अंदर दाखिल हुई। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया और झुलसे लोगों को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा गया।
6 लोगों की मौत, जुड़वा बहनें भी शामिल
अस्पताल में डॉक्टरों ने रुखसार (30), अकद्दस (3), छह माह की जुड़वा बेटियां नाबिया और इनायत, महविश (12) और हम्माद (4) को मृत घोषित कर दिया। अमीर बानो (55) गंभीर रूप से झुलसी हैं और उनका इलाज जारी है।
मकान में चलता था पावरलूम और एम्ब्रॉयडरी का काम
पुलिस के अनुसार, घर में पावरलूम और एम्ब्रॉयडरी का कार्य होता था। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है। कपड़ों और धागों के कारण आग तेजी से फैल गई।
हादसे के वक्त घर में नहीं थे पुरुष सदस्य
बताया गया कि मकान मालिक इकबाल अहमद और उनके दोनों बेटे आसिम व फारूक नमाज पढ़ने के लिए मस्जिद गए हुए थे। घर में महिलाएं और बच्चे मौजूद थे, जो आग की चपेट में आ गए।
प्रशासन मौके पर, सीएम ने जताया शोक
घटना की सूचना मिलते ही डीएम डॉ. वीके सिंह, एसएसपी अविनाश पांडेय और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए अधिकारियों को राहत कार्य तेज करने के निर्देश दिए हैं।
